Tuesday, October 20th, 2026

भोपाल में लाल परेड ग्राउंड पर विस अध्‍यक्ष रामेश्‍वर शर्मा ने फहराया तिरंगा

 
भोपाल

प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। आज हमारा देश 72वें गणतंत्र दिवस का जश्‍न मना रहा है। जिले के सभी स्कूल-कॉलेजों, शासकीय व निजी कार्यालयों, संस्थाओं, चौक-चौराहों पर ध्वजारोहण किया गया। वहीं पार्क एवं कॉलोनियों में भी गणतंत्र दिवस से जुड़े कार्यक्रम हो रहे हैं। प्रदेशस्तरीय मुख्य समारोह शहर के लाल परेड ग्राउण्ड में सुबह 9 बजे से शुरू हुआ। यहां मध्यप्रदेश विधानसभा के सामयिक अध्यक्ष स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। 

इस अवसर पर मुख्‍य अतिथि द्वारा मुख्‍यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया गया। लाल परेड ग्राउंड पर ध्‍वजारोहण के बाद गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन हुआ, जिसमें मप्र पुलिस, विशेष सशस्‍त्र बल, होमगार्ड और जेल विभाग की टुकडि़यां शामिल हुईं। इसके अलावा बैंड, अश्वारोही दल और श्वान दल भी परेड में शामिल रहे। इस दौरान प्रदेश शासन के 15 विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की जा रही हैं। इस बार झांकियों में मुख्‍य आकर्षण का केंद्र मेट्रो रेल वाली झांकी है, जो कि प्रदेश में होते विकास को दर्शाती है। झांकियों को लेकर लालपरेड ग्राउंड पर मौजूद दर्शकों में काफी उत्‍साह नजर आ रहा है। पूरा कार्यक्रम कोरोना गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।

 

#रामेश्‍वर शर्मा ने फहराया तिरंगा

Source : Agency

पाठको की राय